हरियाणा विधानसभा का विशेष सत्र आज, स्पीकर और डिप्टी स्पीकर का होगा चुनाव; नवनिर्वाचित विधायक लेंगे शपथ

0 14

हरियाणा की 90 सदस्यीय 15वीं विधानसभा का विशेष सत्र आज यानी शुक्रवार को शुरू होने जा रहा है।

भाजपा सरकार के पहले सत्र में विधायकों की शपथ ग्रहण के अलावा स्पीकर और डिप्टी स्पीकर का चुनाव किया जाएगा। इस बार विधानसभा में 40 विधायक बिल्कुल नए हैं। ये पहली बार विधायक बने हैं। अभी विधानसभा का सत्र केवल एक दिन के लिए ही रखा गया है। दीपावली के बाद सरकार नियमित सत्र बुलाएगी। विधानसभा सचिव ने गुरुवार को विधानसभा परिसर का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया।

अभी विधायकों के नाम से सीट नहीं होगी अलॉट
पहले सत्र में विधायकों के नाम से सीट अलॉट नहीं की जाएंगी। सभी विधायकों को विधानसभा के अगले नियमित सत्र के दौरान ही नाम से सीट अलॉट की जाएगी। विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार की सुबह राजभवन में राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय बेरी से कांग्रेस विधायक रघुवीर कादयान को प्रोटेम स्पीकर की शपथ दिलाएंगे।

कादियान सातवीं बार विधायक चुनकर आए हैं। राजभवन में शपथ ग्रहण के बाद विधानसभा में प्रोटेम स्पीकर सभी विधायकों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। यह कार्यवाही पूरी होने के बाद स्पीकर व डिप्टी स्पीकर का चुनाव होगा।

इस चुनाव के साथ ही प्रोटेम स्पीकर की मान्यता समाप्त हो जाएगी। इसके बाद मुख्यमंत्री तथा विपक्षी दलों के प्रतिनिधि प्रोटेम स्पीकर की बजाए स्थाई स्पीकर को उनके पद पर बिठाएंगे। इसके बाद सदन के नेता मुख्यमंत्री नायब सैनी तथा विपक्षी राजनीतिक दल कांग्रेस, इनेलो तथा निर्दलीय विधायक अपना-अपना वक्तव्य देंगे। भाजपा के विधायक दल की भी आज बैठक होगी।

नए विधायकों में भाजपा के 23 और कांग्रेस के 13 विधायक
आज शुरू होने वाली विधानसभा में वकील, डॉक्टर तथा किसान समेत हर तरह के नेता दिखाई देंगे। विधानसभा के 90 विधायकों में से 40 ऐसे हैं, जो पहली बार विधायक बनकर सदन में पहुंचे हैं। जिन 40 नेताओं ने पहली बार चुनाव जीता है, उनमें भाजपा के 23 और कांग्रेस के 13 विधायक शामिल हैं।

इसके अलावा इनेलो के दो तथा दो निर्दलीय विधायक पहली बार चुनकर आए हैं। 21 विधायक दूसरी और 14 तीसरी बार चुनकर आए 50 विधायकों में से कई ऐसे हैं, जो दो से छह बार विधायक बने हैं। सात बार विधायक बनने वाले दो ही विधायक हैं। इनमें बेरी से कांग्रेस के डॉ. रघुबीर सिंह कादियान और अंबाला कैंट से भाजपा के अनिल विज शामिल हैं।

भूपेंद्र हुड्डा छठी बार विधानसभा पहुंचे
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा छठी बार विधानसभा पहुंचे हैं। कैथल से कांग्रेस के टिकट पर विधायक बने आदित्य सुरजेवाला इस विधानसभा के सबसे युवा विधायक होंगे। वे मात्र 25 साल की उम्र में विधानसभा पहुंचे हैं। सबसे उम्रदराज यानी 80 वर्ष के रघुबीर सिंह कादयान हैं। रघुबीर सिंह कादयान ने बेरी हलके से लगातार छठी बार जीत हासिल की है। इसी तरह 21 विधायक दूसरी, 14 विधायक तीसरी, चार विधायक चौथी, पांच विधायक पांचवीं और एक विधायक छठी बार विधानसभा पहुंचा है।

सात विधायक 70 साल से अधिक उम्र के
डॉ. रघुबीर कादयान के अलावा छह और ऐसे विधायक हैं, जिनकी उम्र 70 साल से अधिक है। इनमें सफीदों से भाजपा के रामकुमार गौतम 78, कांग्रेस के भूपेंद्र सिंह हुड्डा 77, हिसार से निर्दलीय विधायक सावित्री जिंदल 74 तथा राई से भाजपा की कृष्णा गहलोत 73, इंद्री से भाजपा के रामकुमार कश्यप और अंबाला कैंट से भाजपा के अनिल विज 71 वर्ष के हैं।

इस बार 20 पूर्व विधायकों ने फिर जीत हासिल की
इनेलो के टिकट पर डबवाली से चुनाव जीते आदित्य देवीलाल चौटाला व रानियां से अर्जुन चौटाला भी पहली बार सदन में दस्तक देंगे। इसी तरह दो निर्दलीय विधायक गन्नौर से देवेंद्र सिंह कादियान और बहादुरगढ़ से राजेश जून भी पहली बार चुने गए हैं। चौदहवीं विधानसभा में नब्बे में से 43 विधायक पहली बार चुने गए थे। इस बार 20 पूर्व विधायकों ने भी जीत हासिल की है।

घरौंडा के विधायक हरविंद्र कल्याण का स्पीकर बनना तय

विधानसभा में आज ही स्पीकर और डिप्टी स्पीकर का चुनाव होगा। करनाल जिले के घरौंडा से जीत की हैट्रिक लगाने वाले हरविंद्र कल्याण को भाजपा स्पीकर बना सकती है। रोड़ जाति से आने वाले हरविंद्र कल्याण कभी विवादों में भी नहीं रहे।

वहीं, डिप्टी स्पीकर के लिए डॉ. कृष्ण मिढ्ढा का नाम सबसे आगे है। विनोद भयाना (हांसी) और घनश्याम दास अरोड़ा (यमुनानगर) का नाम भी चर्चा में हैं। विधायक दल की आज बैठक होगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.