Mission 2024: लोकसभा चुनाव पर चर्चा के लिए गुवाहाटी में भाजपा की बैठक, कई राज्यों के अध्यक्ष रहेंगे मौजूद

0 47

केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व 2024 के लोकसभा चुनाव का खाका तैयार करने के लिये गुरुवार को गुवाहाटी में पूर्वोत्तर राज्यों, बंगाल और झारखंड के पार्टी अध्यक्षों एवं प्रभारियों के साथ बैठक करेगा।

पार्टी की त्रिपुरा इकाई के अध्यक्ष राजीब भट्टाचार्य ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा के संगठन महासचिव बी एल संतोष इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे। भट्टाचार्य ने भरोसा जताया कि उनकी पार्टी त्रिपुरा में दोनों संसदीय सीटों पर जीत हासिल करेगी।

उन्होंने कहा कि हम चर्चा करेंगे कि चुनाव कैसे लड़ा जाए और पूर्वोत्तर राज्यों में मतदान का प्रतिशत कैसे बढ़ाया जाए। बैठक में संगठनात्मक मुद्दों पर भी चर्चा होगी। त्रिपुरा में टिपरा मोथा की वृहद टिपरालैंड की मूल मांग से जुड़े एक सवाल पर प्रदेश भाजपा प्रमुख कहा कि प्रत्येक पार्टी का अपना मिशन और एजेंडा है। उन्होंने कहा कि हमने स्वतंत्र त्रिपुरा, टिपरालैंड और ग्रेटर टिपरालैंड के नारे सुने हैं। लेकिन भाजपा सबका साथ, सबका विकास और विश्वास में भरोसा करती है। हमारा दृष्टिकोण लोगों का विकास और सर्वांगीण विकास है।

ओडिशा बीजेपी की 5 सदस्यीय टीम 6 जुलाई को असम के गुवाहाटी में पार्टी की पूर्वी राज्यों की बैठक में शामिल होगी। 2019 के चुनावों में भाजपा पार्टी ने राज्य की 21 लोकसभा सीटों में से 8 सीटें जीती हैं, इसके केंद्रीय नेता आने वाले चुनावों में सभी निर्वाचन क्षेत्रों पर कब्जा करने की रणनीति पर चर्चा करेंगे।

ओडिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता से उत्साहित प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल ने लक्ष्य पूरा करने का भरोसा जताया। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा 2024 में केंद्र में लगातार तीसरी बार सत्ता में आएगी। पार्टी ओडिशा में भी जीत हासिल करेगी और सभी 21 सीटें जीतेगी।” सामल ने कहा कि राज्य चुनाव में भी बीजद सरकार के प्रदर्शन से लोगों के असंतोष को देखते हुए भाजपा आराम से बहुमत हासिल कर लेगी।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यह बैठक ओडिशा भाजपा के लिए महत्वपूर्ण है क्योंकि यह अगले चुनावों में पूर्वी राज्यों में पार्टी की संभावनाओं पर ध्यान केंद्रित करेगी। उन्होंने कहा कि चूंकि भाजपा ने ओडिशा को छोड़कर इन राज्यों में अच्छा प्रदर्शन नहीं किया, इसलिए पार्टी राज्य में अधिक से अधिक सीटें हासिल करने के लिए अपने सभी संसाधन जुटा सकती है।

गौरतलब है कि बीजेपी ने 2019 में इन राज्यों की 142 लोकसभा सीटों में से 68 पर जीत हासिल की थी. पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम समेत 12 पूर्वी राज्यों के बीजेपी नेता और त्रिपुरा बैठक में भाग लेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.