Monsoon: पहाड़ से मैदान तक भारी वर्षा का अलर्ट जारी, यूपी में आज जमकर बरसेगा मानसून; पढ़ें दिल्ली-एनसीआर का हाल

0 24

देश के कई हिस्सों में झमाझम वर्षा के बाद धीमे पड़ गए मानसून के फिर जोर पकड़ने की संभावना बढ़ गई है।

मौसम विभाग ने पहाड़ से लेकर मैदानी इलाकों तक भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। दिल्ली-एनसीआर के साथ ही हरियाणा, चंडीगढ़ के अलावा उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश सहित देश के कई अन्य हिस्सों में भारी वर्षा का पूर्वानुमान है।

उत्तराखंड के कुमाऊं में रेड अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून, हरिद्वार टिहरी और पौड़ी जिलों के लिए आरेंज अलर्ट और उत्तरकाशी, चमोली व रुद्रपयाग जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। कहीं-कहीं हल्के से मध्यम भूस्खलन एवं चट्टान गिरने की आशंका है। उत्तर प्रदेश में पिछले चार-पांच दिनों से रुक-रुककर लगातार बारिश हो रही है।

यूपी के 10 जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने शुक्रवार को पूर्वी उप्र समेत 10 जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है, जबकि 40 से अधिक जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बरसात होगी और वज्रपात की भी संभावना है। बिहार के उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-पूर्व भागों में मेघ गर्जन, वज्रपात के साथ छिटपुट वर्षा की संभावना है। शिवहर, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर, सुपौल में भारी वर्षा की चेतावनी है।

लगातार वर्षा से उत्तराखंड में दुश्वारियां बढ़ गई हैं
गुरुवार को दिल्ली से सटे हरियाणा के अंबाला, नूंह, भिवानी, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम, फतेहाबाद और हिसार में जमकर वर्षा हुई। राजस्थान में लगातार दो दिन से हो रही वर्षा के कारण हुए हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। लगातार वर्षा से उत्तराखंड में दुश्वारियां बढ़ गई हैं। पहाड़ों में भूस्खलन और बरसाती गदेरों के उफान के कारण कई प्रमुख मार्ग बंद हैं। नदियों के रौद्र रूप धारण करने से आसपास की बस्तियों को खतरा उत्पन्न हो गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.